Fuel Price News: कच्चा तेल सस्ता, नायरा ने घटाए दाम… फिर भी सरकारी पंपों पर क्यों नहीं मिली राहत?……
पेट्रोल-डीजल के दामों में आज भी राहत नहीं, सरकारी कंपनियों ने जारी किए नए रेट
नई दिल्ली। प्राइवेट ऑयल मार्केटिंग कंपनी नायरा एनर्जी द्वारा 1 जुलाई से अपने देशभर के करीब 7,000 पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर सस्ता किए जाने के बाद उपभोक्ताओं को उम्मीद थी कि सरकारी तेल कंपनियां भी कीमतों में कटौती करेंगी। हालांकि, 2 जुलाई को इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) द्वारा जारी नए रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
यह स्थिति तब है जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। अमेरिकी WTI क्रूड 67.82 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 70.95 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है।
नायरा और सरकारी पंपों के रेट में अंतर
बेंगलुरु में नायरा के पंपों पर कटौती के बाद पेट्रोल ₹111.20 और डीजल ₹98.80 प्रति लीटर मिल रहा है, जबकि इंडियन ऑयल के पंप पर पेट्रोल ₹110.91 और डीजल ₹98.80 प्रति लीटर है।
फरीदाबाद में नायरा के पंपों पर पेट्रोल ₹103 और डीजल ₹98.84 प्रति लीटर उपलब्ध है। वहीं महाराष्ट्र में नायरा के पंपों पर पेट्रोल ₹111.66 और डीजल ₹97.99 प्रति लीटर बिक रहा है। कई स्थानों पर नायरा के रेट सरकारी कंपनियों के बराबर या उससे कम हैं।
पहले बढ़ाए थे दाम, अब वापस लिए
ईरान युद्ध के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने पर सबसे पहले नायरा एनर्जी ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा किया था। इसके बाद सरकारी कंपनियों ने मई में पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम ₹7.50 प्रति लीटर बढ़ाए थे। अब नायरा ने अपनी बढ़ाई गई कीमतें वापस ले ली हैं, जबकि सरकारी कंपनियों ने फिलहाल कोई राहत नहीं दी है।
आज प्रमुख शहरों में सरकारी कंपनियों के पेट्रोल-डीजल के रेट
जयपुर: पेट्रोल ₹112.66, डीजल ₹97.78 प्रति लीटर
पटना: पेट्रोल ₹112.70, डीजल ₹99.87 प्रति लीटर
अयोध्या: पेट्रोल ₹102.40, डीजल ₹97.87 प्रति लीटर
दिल्ली: पेट्रोल ₹102.12, डीजल ₹95.20 प्रति लीटर
लखनऊ: पेट्रोल ₹102.05, डीजल ₹99.28 प्रति लीटर
इंदौर: पेट्रोल ₹114.61, डीजल ₹99.70 प्रति लीटर
फिलहाल सरकारी तेल कंपनियों की ओर से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में किसी भी प्रकार की कटौती नहीं की गई है, जिससे उपभोक्ताओं को राहत के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।

