दुर्ग में ACB का बड़ा एक्शन! ₹10 हजार की रिश्वत लेते सरकारी बाबू गिरफ्तार

दुर्ग में ACB की बड़ी कार्रवाई: ₹10 हजार की रिश्वत लेते सहायक ग्रेड-2 गिरफ्तार

दुर्ग। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने दुर्ग में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) विभाग के सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर को ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

 

जानकारी के अनुसार, विभाग में कार्यरत चपरासी नंद कुमार कामड़े ने अपने पुत्र के विवाह के लिए सामान्य भविष्य निधि (GPF) खाते से ₹5 लाख निकालने का आवेदन दिया था। आरोप है कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने ₹10,000 की रिश्वत की मांग की।

 

रिश्वत की मांग से परेशान कर्मचारी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।

 

पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार, जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को ₹10,000 की रिश्वत दी, मौके पर मौजूद ACB टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली गई।

 

बताया जा रहा है कि रायपुर से पहुंची ACB टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी को पूछताछ के लिए दुर्ग स्थित सर्किट हाउस लाया गया है, जहां आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

 

ACB अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल ACB को दें, ताकि भ्रष्टाचार के मामलों में प्रभावी और सख्त कार्रवाई की जा सके।

 

इस कार्रवाई के बाद ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) विभाग में हड़कंप मच गया है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!