भिलाई में पढ़ाई के तनाव में MBBS छात्र ने उठाया खौफनाक कदम

भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में MBBS की पढ़ाई कर रहे छात्र अभिजीत देवांगन का शव बुधवार रात PG के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। अभिजीत चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में थर्ड ईयर का छात्र था। घटना स्मृति नगर चौकी क्षेत्र के कोहका स्थित अवंति बाई चौक की है।

 

जानकारी के मुताबिक, अभिजीत चरोदा के जंजगीरी गांव का रहने वाला था। वह करीब 10 दिन पहले परिवार की सहमति से PG में रहने आया था। बताया जा रहा है कि पिछली परीक्षा में दो विषयों में बैक आने के बाद से वह परेशान था।

 

घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

परिजनों के मुताबिक, 25 नवंबर की रात वे किसी काम से भिलाई आए थे। मेडिकल स्टोर से दवाई लेने के दौरान उन्हें बेटे से मिलने का ख्याल आया। जब वे PG पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार फोन करने के बाद भी अभिजीत ने कोई जवाब नहीं दिया।

 

इसके बाद कमरे में उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!