मुंबई से बस्तर बाइक राइड पर निकली रिद्धि की दर्दनाक मौत! ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर, एयर एंबुलेंस से मुंबई भेजा गया शव

बालोद/रायपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मुंबई की 24 वर्षीय महिला बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की मौत हो गई। रिद्धि बाइक राइडर्स के एक दल के साथ रायपुर से बस्तर की ओर जा रही थीं। हादसे के बाद उनके शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसके बाद शव को रायपुर एयरपोर्ट लाया गया। देर शाम एयर एंबुलेंस के जरिए शव को मुंबई भेजा गया।

 

रिद्धि के शव को लेने के लिए उनके पिता रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे। इस दौरान धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा भी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।

मरकाटोला घाटी के पास हुआ हादसा

 

जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त की सुबह करीब 23 बाइक राइडर्स का दल रायपुर से कांकेर और आगे बस्तर की ओर रवाना हुआ था। दल में कुछ लोग कार से भी यात्रा कर रहे थे। सभी बाइकर्स एक साथ आगे बढ़ रहे थे।

 

धमतरी पार करने के बाद करीब 17 बाइक राइडर्स आगे निकल गए, जबकि कुछ राइडर्स पीछे रह गए। इसी दौरान धमतरी से करीब 20 किलोमीटर दूर NH-30 के मरकाटोला घाटी क्षेत्र में पीछे चल रही रिद्धि की बाइक को सामने से आ रहे एक ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी।

 

हादसा इतना भीषण था कि रिद्धि सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें धमतरी रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार

 

घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुरूर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात ट्रेलर की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

 

साथी बाइकर्स में पसरा मातम

 

रिद्धि ठक्कर की मौत की खबर से उनके साथ यात्रा कर रहे बाइक राइडर्स के दल में शोक की लहर है। हादसे के बाद महिला बाइकर्स से मीडिया ने बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने इस दुखद घटना पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

 

एक रोमांचक बाइक यात्रा पर निकला यह दल रास्ते में हुए एक दर्दनाक हादसे के कारण गहरे सदमे में है। फिलहाल पुलिस फरार ट्रेलर चालक और दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!