CG BREAKING: भिलाई स्टील प्लांट से 250 टन लोहा चोरी, फ्लाई ऐश के नीचे छिपाकर हो रही थी सप्लाई
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करीब 250 टन लोहा चोरी होने का बड़ा मामला सामने आया है। चोरी किए गए लोहे की कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हथखोज और अकलोरडीह क्षेत्र स्थित एक गोदाम से भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा जब्त किया है।
मामला भिलाई-3 थाना क्षेत्र का है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्लांट से चोरी कर लोहे को ट्रकों में फ्लाई ऐश के नीचे छिपाकर बाहर निकाला जा रहा था। लंबे समय से पुलिस को शिकायत मिल रही थी कि BSP से लोहे की प्लेटें और स्क्रैप चोरी कर बाहर सप्लाई किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर 27 मई को पुलिस टीम ने संदिग्ध ट्रकों की निगरानी की और उनका पीछा करते हुए हथखोज स्थित एक गोदाम तक पहुंची। ट्रकों के गोदाम में प्रवेश करते ही पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
छावनी CSP प्रशांत कुमार पैकरा और भिलाई-3 थाना पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से जब्त सामग्री से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने गोदाम और यार्ड की विस्तृत जांच की।
जांच के दौरान करीब 250 टन से अधिक संदिग्ध लोहा बरामद किया गया। पुलिस को आशंका है कि यह लोहा BSP की SMS-3 यूनिट से चोरी कर यहां जमा किया गया था। ट्रकों के ऊपर फ्लाई ऐश की परत डाली जाती थी, जबकि नीचे भारी मात्रा में लोहा छिपाकर रखा जाता था।
पुलिस ने मौके पर खड़े दो हाईवा वाहनों की जांच में भी भारी मात्रा में लोहा बरामद किया। ड्राइवरों के पास केवल फ्लाई ऐश परिवहन से जुड़े दस्तावेज मिले।
पुलिस को संदेह है कि इतनी बड़ी चोरी बिना अंदरूनी मिलीभगत के संभव नहीं हो सकती। BSP परिसर की सुरक्षा CISF के जवानों और सैकड़ों CCTV कैमरों के जरिए की जाती है, इसके बावजूद चोरी का यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अब गोदाम संचालक मोहम्मद कलीम और ट्रांसपोर्टर संजय सिंह से पूछताछ की तैयारी कर रही है। वहीं BSP प्रबंधन ने भी मामले की जांच के लिए अलग समिति गठित कर दी है।
भिलाई नगर CSP सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने अकलोरडीह स्थित एके ट्रेडर्स यार्ड में दबिश दी, जहां BSP से चोरी कर लाया गया लोहा डंप होने की जानकारी मिली थी। मौके से बरामद सैकड़ों टन लोहे को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ड्राइवरों सहित अन्य लोगों से पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही इस पूरे नेटवर्क में शामिल आरोपियों के नाम स्पष्ट हो सकेंगे।

