छत्तीसगढ़ ब्रेकिंग: 25 करोड़ की रंगदारी मामले में बड़ा एक्शन! फरार शोएब से मिलीभगत के आरोप में इंस्पेक्टर विनीत दुबे सस्पेंड
रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की कथित रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नारायणपुर में पदस्थ थाना प्रभारी (TI) विनीत दुबे को बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार, विनीत दुबे का आचरण उनके पद के अनुरूप नहीं पाया गया और उनका व्यवहार विभागीय नियमों एवं मर्यादाओं के विपरीत माना गया।
पूरा मामला रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़ा है। आरोप है कि कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में फरार आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए खम्हारडीह सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश देने की रणनीति बनाई थी। लेकिन आरोप है कि पुलिस की गोपनीय कार्रवाई की जानकारी पहले ही लीक हो गई, जिसके चलते शोएब ढेबर पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गया।
गोपनीय जानकारी लीक होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने आंतरिक जांच शुरू की थी। इसी क्रम में रायपुर पुलिस कमिश्नर ने 30 अक्टूबर 2026 को TI विनीत दुबे के संबंध में प्रतिवेदन बस्तर रेंज आईजी को भेजा था।
प्रतिवेदन के आधार पर उनका आचरण संदिग्ध और विभागीय मर्यादाओं के विपरीत पाए जाने पर निलंबन का आदेश जारी किया गया।

निलंबन अवधि के दौरान विनीत दुबे का मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

