स्वामी आत्मानंद स्कूल में भोजन में काली गोलीनुमा वस्तु मिलने से हड़कंप, करीब 30 छात्राओं को अस्पताल भेजा गया…
बेमेतरा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में छात्राओं को परोसे गए भोजन में कथित तौर पर डामर जैसी काली गोलीनुमा वस्तु मिलने का मामला सामने आया है। भोजन करने के बाद कुछ छात्राओं ने पेट दर्द और तबीयत खराब होने की शिकायत की, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल करीब 30 छात्राओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। अधिकारियों द्वारा स्थिति का जायजा लेने के साथ ही छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली गई।
बताया जा रहा है कि स्कूल में परोसे गए भोजन में काली गोलीनुमा वस्तु मिलने के बाद छात्राओं में चिंता की स्थिति बनी। भोजन करने के बाद कुछ छात्राओं द्वारा पेट दर्द की शिकायत किए जाने पर स्कूल प्रबंधन ने तत्काल आवश्यक कदम उठाते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
हालांकि भोजन में मिली काली वस्तु वास्तव में डामर की गोली है या कोई अन्य पदार्थ, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वस्तु की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल जिला अस्पताल में छात्राओं का उपचार जारी है। शिक्षा विभाग द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और भोजन की गुणवत्ता तथा घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद तथ्य सामने आने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

