क्यों नहीं थम रही छत्तीसगढ़ में बारिश? 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, बारिश से दुर्ग-भिलाई का हाल बेहाल…..बस्तर में स्कूल बंद और ट्रेनें रद्द”…..
छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के कारण इंद्रावती नदी उफान पर है। निचले इलाकों में प्रशासन ने सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
लगातार बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बस्तर जिले में आज सभी स्कूल बंद रखे गए हैं। वहीं रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन के कारण किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की 2 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। खराब मौसम का असर हवाई सेवा पर भी पड़ा है और जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट रद्द कर दी गई है।
17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने आज छत्तीसगढ़ के 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं यलो अलर्ट वाले जिलों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
क्यों हो रही इतनी बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना गहरा लो प्रेशर एरिया उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर तेज हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, लेकिन इसका असर अभी भी मध्य और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में बना हुआ है। इसी वजह से कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की स्थिति बन रही है।
कब थमेगा बारिश का सिलसिला?
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। हालांकि बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। फिलहाल दक्षिण छत्तीसगढ़ के नदी-नालों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रायपुर में भी रातभर बारिश
राजधानी रायपुर में भी बीती रात से बारिश जारी है। मौसम विभाग के अनुसार आज रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

