मनगट्टा स्थित विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट रिसॉर्ट में युवती की संदिग्ध मौत का मामला: तीन आरोपी गिरफ्तार, रिसॉर्ट संचालक पर दुष्कर्म का आरोप

राजनांदगांव।मनगट्टा स्थित विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच में सामने आया कि युवती के दो परिचित उसे अपने साथ रिसॉर्ट लेकर गए थे। जांच के दौरान रिसॉर्ट संचालक पर युवती के साथ दुष्कर्म करने का आरोप सामने आया है।

 

घटना सोमनी थाना क्षेत्र की है। 18 जून की रात मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पेंड्री से पुलिस को युवती की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर सोमनी थाना और साइबर सेल की संयुक्त विशेष जांच टीम गठित की गई।

 

पुलिस के अनुसार, मृतका भिलाई की रहने वाली 24 वर्षीय युवती थी, जो एक टॉकीज में मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी छत्रपाल देशमुख और घनश्याम बेलचंदन युवती के परिचित थे। 18 जून को तीनों साथ निकले थे। आरोप है कि युवती को उसकी इच्छा के विरुद्ध शराब पिलाई गई, जिसके बाद उसे मनगट्टा स्थित विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट ले जाया गया।

 

पुलिस का दावा है कि रिसॉर्ट में संचालक आशुतोष हिरवानी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। उसी रात युवती का शव रिसॉर्ट के बाथरूम में मिला। पोस्टमॉर्टम में शरीर पर खरोंच और अंदरूनी चोटों के निशान पाए गए हैं। हालांकि, युवती की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है और पुलिस जांच जारी है।

 

जांच के दौरान पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटनास्थल के निरीक्षण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो दिन के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

गिरफ्तार आरोपी

 

1. आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26) – निवासी राजनांदगांव, विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट संचालक

2. छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25) – निवासी राजनांदगांव

3. घनश्याम बेलचंदन (25) – निवासी दुर्ग

 

पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। साथ ही विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट को नियमानुसार सील कर दिया गया है।

 

एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि वैज्ञानिक जांच, घटनास्थल के निरीक्षण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है। मामले में युवती की मौत के वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है और पुलिस सभी पहलुओं पर पड़ताल कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!