ननकट्ठी सहकारी समिति की 67वीं वार्षिक आमसभा संपन्न, किसानों को लाभांश वितरण की घोषणा…..
डिजिटल डेस्क : ननकट्ठी। वृहत्ताकार सहकारी साख समिति मर्यादित ननकट्ठी, पंजीयन क्रमांक 521 की 67वीं वार्षिक आमसभा मंगलवार 22 सितंबर 2026 को समिति कार्यालय परिसर में आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष श्री प्रीतपाल बेलचंदन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री प्रेमलाल नायक ने की।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत दुर्ग के सभापति श्री जितेंद्र यादव, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील वर्मा, जनपद सदस्य सुश्री प्रतिभा देवांगन, ग्राम पंचायत रवेलीडीह के सरपंच श्री माधो देवांगन, संस्था के पूर्व अध्यक्ष श्री रविप्रकाश ताम्रकार, श्री टंकेश वर्मा, श्री भोपाल सुपंथक, श्री रज्जाक खां, पूर्व जनपद सदस्य श्री चंद्रिका वर्मा तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के शाखा प्रबंधक श्री बी.एल. मधुकर उपस्थित रहे।
आमसभा में किसानों की ओर से संस्था के पूर्व अध्यक्ष श्री रविप्रकाश ताम्रकार ने संस्था से जुड़े किसानों के लिए लाभांश की मांग रखी। इस पर संस्था के प्राधिकृत अध्यक्ष श्री प्रेमलाल नायक ने घोषणा की कि 31 मार्च 2026 की स्थिति में पात्र शेयरधारकों को नियमानुसार इस वर्ष धनतेरस के शुभ अवसर पर लाभांश का वितरण किया जाएगा।
मुख्य अतिथि श्री प्रीतपाल बेलचंदन ने सहकारिता की भावना को मजबूत करने पर जोर देते हुए ननकट्ठी समिति के संचालक मंडल, क्षेत्र के किसानों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की। वहीं श्री जितेंद्र यादव ने रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए गोवंश के संरक्षण तथा पारंपरिक खेती और प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही।
समिति की आय-व्यय रिपोर्ट संस्था प्रभारी श्री अविनाश बंछोर एवं पर्यवेक्षक श्रीमती रूपाली यादव द्वारा प्रस्तुत की गई। जानकारी के अनुसार खाद व्यवसाय से 4.43 लाख रुपये कमीशन, खाद परिवहन से 2.31 लाख रुपये तथा 64,655.20 क्विंटल धान खरीदी पर 20.23 लाख रुपये कमीशन प्राप्त हुआ। वित्तीय वर्ष 2025-26 में संस्था को 17.69 लाख रुपये का लाभ हुआ, जबकि संस्था का कुल संचित लाभ 120.84 लाख रुपये बताया गया। समिति से ननकट्ठी, बोडेगांव, रवेलीडीह और अरसनारा के कुल 2061 किसान लाभान्वित हो रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान उन्नत किसानों को भी सम्मानित किया गया। गौपालन के लिए विश्राम देवांगन, मत्स्य पालन के लिए जे. रत्नाकर, उद्यानिकी के लिए ज्ञानूक पटेल एवं तेजराम पटेल तथा जैविक खेती के लिए महेश ताम्रकार को शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपस्थित किसानों को गमछा एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कृषि विकास अधिकारी श्री नितेश गावंडे, श्रीमती इंदु साहू, पशुपालन विभाग के अधिकारी, समिति के कर्मचारी विवेक बंछोर, हर्ष निषाद, डूलेश्वरी गौतम, पार्वती वर्मा, तामेश्वर कुंजाम सहित ननकट्ठी, बोडेगांव, रवेलीडीह एवं अरसनारा क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन संस्था के पूर्व अध्यक्ष श्री रविप्रकाश ताम्रकार द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

