CG में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज! 6 दिन बारिश, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए अलग-अलग जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
25 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक, तेज हवाएं और वज्रपात हो सकता है। इस दिन बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी रहेगा।
26 सितंबर को भी अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और वज्रपात की संभावना को देखते हुए ऑरेंज/येलो अलर्ट जारी किया गया है।
27 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
28 सितंबर को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दिन ग्रीन अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर छिटपुट फुहारें पड़ सकती हैं।
29 सितंबर को भी प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने इस दिन ग्रीन अलर्ट जारी किया है।
रायपुर में मंगलवार रात मौसम ने करवट बदली और बारिश हुई, हालांकि उमस भरी गर्मी से लोगों को पूरी तरह राहत नहीं मिली।
बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 4 लोगों की मौत की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें बालोद, कांकेर और बेमेतरा जिले के बेरला थाना क्षेत्र की घटनाएं शामिल हैं। एक अन्य स्थान पर भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत की घटना सामने आई है।
मौसम विभाग ने बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

