दुर्ग में भीषण अग्निकांड! साढ़े चार घंटे तक जलता रहा मकान, दमकल ने टाली बड़ी तबाही

दुर्ग। ग्राम अछोटी (थाना अंडा) में मंगलवार शाम एक मकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की दो दमकल टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और करीब साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को शाम लगभग 7:44 बजे श्री रामचरण के मकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से पूरे घर में फैल गईं। सूचना मिलते ही अग्निशमन कार्यालय दुर्ग से दो दमकल वाहनों को तत्काल रवाना किया गया।

मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए लगातार प्रयास कर आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया। लगभग 4 घंटे 30 मिनट की कार्रवाई के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी श्री दिनेश राउटे के निर्देशन में अग्निशमन दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी एवं घनश्याम यादव सहित अग्निशमन कर्मियों मनोज सोनवानी, नागेश मारकांडे, धर्मेन्द्र बंजारे, पराग भोंसले, रामनाथ कुर्रे, जितेन्द्र वर्मा एवं अनंत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई और आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!