भिलाई में दर्दनाक हादसा! तेज रफ्तार कार के उड़े परखच्चे, दो युवकों की मौत
भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई स्थित सेंट्रल एवेन्यू रोड पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुआ। कार सेक्टर-9 से सेक्टर-6 की ओर जा रही थी। इसी दौरान सेंट्रल एवेन्यू रोड पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल भिलाई नगर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान दीपक गुप्ता (23 वर्ष) और कौशिक दास (15 वर्ष), निवासी सेक्टर-6 भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

