दुर्ग ब्रेकिंग: दुर्ग में फॉरेस्ट नर्सरी में लगी भीषण आग, अग्निशमन दल ने समय रहते पाया काबू
डिजिटल डेस्क |दुर्ग। तालपुरी स्थित फॉरेस्ट नर्सरी में शुक्रवार शाम अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना हुडको के सामने स्थित फॉरेस्ट नर्सरी की है, जहां शाम करीब 7:15 बजे पेड़ों और सूखी झाड़ियों में आग तेजी से फैलने लगी। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की दो दमकल टीमों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि नर्सरी के भीतर लगे पेड़ों से आग की ऊंची लपटें निकल रही थीं। टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी घटना टल गई और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।
घटना के दौरान जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में अग्निशमन सहायक प्रभारी प्रवीण बारा, संतोष पाण्डेय सहित दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी, घनश्याम यादव और अन्य अग्निशमन कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई।

