छत्तीसगढ़ में फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, आम जनता पर बढ़ा महंगाई का असर

डिजिटल डेस्क | रायपुर। मिडिल-ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर अब देशभर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। शनिवार को पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि दर्ज की गई। पिछले 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़े हैं। इस दौरान पेट्रोल और डीजल लगभग 5 रुपए प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं।

राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, जगदलपुर और अंबिकापुर जैसे शहरों में रोजाना वाहन चलाने वाले लोगों का मासिक बजट प्रभावित होगा। ईंधन महंगा होने से कैब और ऑटो चालकों, छोटे व्यापारियों, किसानों और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव बढ़ने की संभावना है। साथ ही परिवहन लागत बढ़ने से जरूरी सामानों की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि देश में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। मंत्रालय ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदने की अपील की है।

हालांकि लगातार बढ़ती कीमतों के बीच आम जनता की नजर अब सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई है। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में ईंधन कीमतों पर राहत देने के लिए कोई ठोस निर्णय लिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!