CG BREAKING: भीषण गर्मी से छत्तीसगढ़ बेहाल, पाली में 150 से ज्यादा प्रवासी चमगादड़ों की मौत…..प्रदेश में दुर्ग सबसे गर्म शहर
डिजिटल डेस्क | कोरबा-पाली। नौतपा शुरू होने से पहले ही छत्तीसगढ़ भीषण गर्मी और लू की चपेट में आ गया है। कोरबा जिले के पाली क्षेत्र में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से जनजीवन के साथ-साथ बेजुबान पशु-पक्षियों पर भी गंभीर असर देखने को मिल रहा है। पाली के नौकोनिया तालाब के किनारे बसेरा बनाए हुए 150 से अधिक प्रवासी चमगादड़ों की हीट स्ट्रोक के कारण मौत हो गई। मृत चमगादड़ पेड़ों के नीचे गिरते नजर आए, जिससे इलाके में चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार हर साल फरवरी-मार्च के दौरान हजारों प्रवासी चमगादड़ तालाब किनारे स्थित ऊंचे पेड़ों पर डेरा जमाते हैं। इस वर्ष इनकी संख्या सामान्य से अधिक बताई जा रही है। लगातार पड़ रही तेज गर्मी और लू के थपेड़ों को ये जीव सहन नहीं कर पा रहे हैं।
गर्मी का असर केवल वन्यजीवों तक सीमित नहीं है, बल्कि खेती-किसानी भी प्रभावित हो रही है। कई इलाकों में खेतों में लगी सब्जियां तेज धूप में झुलस रही हैं। वहीं प्रदेशभर के अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। राज्य महामारी नियंत्रण केंद्र ने अस्पतालों में आने वाले मरीजों की मॉनिटरिंग शुरू कर दी है।
अंबेडकर अस्पताल के मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. योगेंद्र मल्होत्रा के अनुसार, हीट एग्जॉशन शरीर में अत्यधिक पानी और नमक की कमी से होने वाली गंभीर स्थिति है, जो समय पर इलाज न मिलने पर हीट स्ट्रोक का रूप ले सकती है।
प्रदेश में दुर्ग सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रायपुर में 44.3 डिग्री और जगदलपुर में सामान्य से लगभग 5 डिग्री अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया।

