BIG BREAKING: छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल…..
जगदलपुर/झांसी। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के झांसी और ललितपुर के बीच उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उन्हें कमर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। फिलहाल उनका इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, किरण सिंह देव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर परिवार के साथ बागेश्वर धाम गए थे। निजी कार्यक्रम के बाद वापस लौटने के दौरान झांसी-ललितपुर मार्ग पर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर एक ट्रक से जा टकराई।
हादसे के वक्त किरण सिंह देव जिस वाहन में सवार थे, उसमें उनके साथ उनका PSO भी मौजूद था। परिवार के अन्य सदस्य अलग वाहन में यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना के तुरंत बाद किरण सिंह देव को उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
करीबी सूत्रों के अनुसार, किरण सिंह देव की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उन्हें किसी गंभीर खतरे की स्थिति नहीं है। हालांकि, हादसे को लेकर पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

