Mahadev Betting App Case: Shefali Bagga: ED के रडार पर स्पोर्ट्स प्रेजेंटर शेफाली बग्गा, महादेव केस में शेफाली बग्गा से लंबी पूछताछ

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप और उससे जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को स्पोर्ट्स प्रेजेंटर और टीवी पर्सनैलिटी शेफाली बग्गा एक बार फिर रायपुर स्थित ED के जोनल कार्यालय पहुंचीं, जहां उनसे दूसरे दिन भी लंबी पूछताछ की गई।

 

इससे पहले गुरुवार को भी ED ने उनसे करीब पांच घंटे तक पूछताछ कर बयान दर्ज किए थे। बताया जा रहा है कि एजेंसी उनसे महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क और उससे जुड़े कथित आर्थिक लेन-देन के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

 

 

ED के अनुसार, जांच में शेफाली बग्गा का नाम महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क से जुड़े कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर के साथ सामने आया है। एजेंसी दोनों के बीच संभावित संपर्क और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।

 

जांच एजेंसी का दावा है कि शेफाली बग्गा विदेशों, विशेषकर दुबई और लंदन से संचालित ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म का प्रचार करती थीं। जांच के दौरान एजेंसी को कई डिजिटल साक्ष्य और ऑनलाइन प्रचार सामग्री मिली है, जिनकी जांच जारी है।

 

ED के मुताबिक, शेफाली बग्गा के कथित टेलीग्राम चैनल के माध्यम से बेटिंग कोड, प्रमोशनल लिंक और बेटिंग से जुड़ी जानकारी साझा किए जाने की भी जांच की जा रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें इस गतिविधि से किसी प्रकार का आर्थिक लाभ मिला था या नहीं।

 

गुरुवार को पूछताछ के बाद मीडिया से बातचीत में शेफाली बग्गा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताते हुए किसी भी तरह की गलत गतिविधि में शामिल होने से इनकार किया।

 

शेफाली बग्गा स्पोर्ट्स एंकरिंग की दुनिया का चर्चित चेहरा हैं। वह कई बड़े क्रिकेट आयोजनों की एंकरिंग कर चुकी हैं और टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस 13’ में भी प्रतिभागी रह चुकी हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी लोकप्रियता है।

 

फिलहाल ED पूरे मामले में डिजिटल साक्ष्यों, वित्तीय रिकॉर्ड और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!