प्रज्ञान ओझा बने टीम इंडिया के चीफ सिलेक्टर…..रमेश पवार को भी मिली जिम्मेदारी

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। वह पूर्व चेयरमैन अजीत अगरकर की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। अगरकर का कार्यकाल 4 अक्टूबर को समाप्त हो गया था। इसके बाद से 40 वर्षीय प्रज्ञान ओझा अंतरिम प्रमुख के तौर पर काम कर रहे थे।

 

बीसीसीआई ने पश्चिम क्षेत्र से पूर्व क्रिकेटर रमेश पवार को भी पुरुष चयन समिति में शामिल किया है। टेस्ट मैचों की संख्या के आधार पर वरिष्ठता को देखते हुए प्रज्ञान ओझा को समिति का चेयरमैन बनाया गया है।

 

भारत के लिए खेल चुके हैं 24 टेस्ट

 

प्रज्ञान ओझा ने भारतीय टीम के लिए 24 टेस्ट, 18 वनडे और 2 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उनका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर जून 2008 से नवंबर 2013 तक रहा।

 

वसीम जाफर का भी हुआ था इंटरव्यू

 

बीसीसीआई के मुताबिक, क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी (CAC) ने पुरुष चयन समिति के सदस्य की नियुक्ति के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की। कमेटी में अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे शामिल थे। आवेदन की समीक्षा और उम्मीदवारों के इंटरव्यू के बाद रमेश पवार के नाम की सिफारिश की गई।

 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चयन प्रक्रिया के दौरान पूर्व भारतीय ओपनर वसीम जाफर समेत चार से पांच उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया गया था। जाफर ने भारत के लिए 31 टेस्ट मैच खेले हैं।

 

रमेश पवार को कोचिंग का भी अनुभव

 

रमेश पवार भारत के लिए 2 टेस्ट और 31 वनडे मैच खेल चुके हैं। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के अलावा मुंबई और गुजरात की टीमों के मुख्य कोच भी रह चुके हैं। उन्होंने बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी कोच के तौर पर भी काम किया है। उनके कोचिंग कार्यकाल में भारतीय महिला टीम ने एशिया कप का खिताब और कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीता।

 

पांच सदस्यीय पुरुष चयन समिति में प्रज्ञान ओझा और रमेश पवार के अलावा शिव सुंदर दास, आरपी सिंह और अजय रात्रा शामिल हैं।

 

बीसीसीआई ने अजीत अगरकर के योगदान को सराहा

 

बीसीसीआई ने पूर्व चयन समिति अध्यक्ष अजीत अगरकर के कार्यकाल की सराहना की है। जुलाई 2023 में नियुक्त हुए अगरकर ने भारतीय क्रिकेट के एक महत्वपूर्ण दौर में चयन समिति का नेतृत्व किया। बोर्ड के अनुसार, उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने तीन आईसीसी ट्रॉफी, दो एशिया कप खिताब और लगातार दो एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीते।

 

बीसीसीआई ने भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान, प्रतिबद्धता और नेतृत्व के लिए आभार जताया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!