देशभर के वाहन चालकों के लिए बड़ी खुशखबरी! सरकार ने हाई-इथेनॉल पेट्रोल पर खत्म की एक्साइज ड्यूटी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने अधिक इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 22 प्रतिशत से 30 प्रतिशत तक इथेनॉल मिश्रण वाले पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी से छूट देने की घोषणा की है। इस संबंध में गुरुवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई।

जारी अधिसूचना के अनुसार, यह छूट E22, E25, E27 और E30 जैसे इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर लागू होगी। इन ईंधनों में इथेनॉल की मात्रा के आधार पर अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। सरकार का मानना है कि इस कदम से अधिक इथेनॉल मिश्रित ईंधन के उत्पादन और उपयोग को बढ़ावा मिलेगा तथा आयातित कच्चे तेल पर देश की निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

 

भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल आयातक और उपभोक्ता देश है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार बायोफ्यूल के उपयोग को बढ़ाने और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है।

 

इससे पहले भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने IS 19850:2026 के तहत E22, E25, E27 और E30 ईंधनों के लिए गुणवत्ता मानक निर्धारित किए हैं। इन मानकों में इथेनॉल की मात्रा, ऑक्टेन स्तर, सल्फर की सीमा, वेपर प्रेशर, परीक्षण प्रक्रिया तथा सुरक्षा संबंधी प्रावधान शामिल हैं। यह मानक 15 मई 2026 से प्रभावी हो चुके हैं।

 

उल्लेखनीय है कि हाल ही में सरकार ने फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए E85 ईंधन भी लॉन्च किया है। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, सरकारी तेल विपणन कंपनियां E85 ईंधन को E20 की तुलना में लगभग 20 रुपये प्रति लीटर कम कीमत पर उपलब्ध कराने की योजना पर काम कर रही हैं।

 

सरकार का मानना है कि इन पहलों से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा, किसानों को इथेनॉल उत्पादन के माध्यम से नए अवसर मिलेंगे और देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!