दुर्ग में छात्र की आत्महत्या से मचा हड़कंप, आखिर परीक्षा के बाद क्या हुआ?

दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर में रहने वाले 12वीं कक्षा के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान यश कुमार डडसेना (20 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को यश की केमिस्ट्री विषय की सप्लीमेंट्री परीक्षा थी। परीक्षा देकर वह घर लौटा था। उस समय घर में उसकी दादी मौजूद थीं, जबकि पिता अपने छोटे बेटे को प्रतियोगी परीक्षा दिलाने के लिए बाहर गए हुए थे। यश की माता शासकीय स्कूल में शिक्षिका हैं।

 

दोपहर के समय पिता ने यश को मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद घर के लैंडलाइन नंबर पर बात करने पर दादी ने बताया कि यश कुछ देर पहले “टॉयलेट जा रहा हूं” कहकर गया था।

 

काफी देर तक वापस नहीं आने पर दादी ने उसकी तलाश की। टॉयलेट में नहीं मिलने पर उन्होंने पास के स्टोर रूम का दरवाजा खोला, जहां यश फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

 

सूचना पर मोहन नगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद शनिवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

 

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले की जांच के लिए परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।

 

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!