महंगाई का एक और झटका! मदर डेयरी का दूध 4 रुपये लीटर तक महंगा, 12 नवंबर से ग्राहकों की जेब पर बढ़ेगा बोझ

नई दिल्ली। अगर आप मदर डेयरी का दूध इस्तेमाल करते हैं, तो अब आपको इसके लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। कंपनी ने दूध की अलग-अलग वैरायटी की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें 12 नवंबर 2026 से लागू होंगी।

उत्पादन लागत बढ़ने से लिया फैसला

 

मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे उत्पादन लागत बढ़ने को वजह बताया है। कंपनी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, किसानों से दूध खरीदने की कीमतों में इजाफा हुआ है, जिससे कंपनी की लागत बढ़ गई है। इसी को देखते हुए बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालने का फैसला लिया गया है।

 

कंपनी अपनी दूध बिक्री से होने वाली कमाई का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है। इससे पहले कंपनी ने 14 मई 2026 को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी।

 

अब इतने रुपये में मिलेगा मदर डेयरी का दूध

 

दिल्ली-एनसीआर में दूध की नई कीमतें इस प्रकार हैं-

 

– टोंड मिल्क (बल्क वेंडेड): 58 से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर

– फुल क्रीम दूध: 72 से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर

– पाउच वाला टोंड मिल्क: 60 से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर

– डबल टोंड दूध: 54 से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर

– गाय का दूध: 62 से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर

 

रोजाना 50 लाख लीटर से ज्यादा दूध की बिक्री

 

मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर की प्रमुख दूध आपूर्तिकर्ता कंपनियों में शामिल है। कंपनी इस क्षेत्र में रोजाना करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। वहीं, देश के अन्य बाजारों को मिलाकर इसकी कुल दैनिक बिक्री 50 लाख लीटर से अधिक है। ग्राहक कंपनी के बूथ, दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए दूध खरीद सकते हैं।

20,300 करोड़ रुपये रहा कंपनी का कारोबार

 

मदर डेयरी ने पिछले वित्त वर्ष में अपने कारोबार में 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। इस दौरान कंपनी का टर्नओवर 20,300 करोड़ रुपये रहा। साल 1974 में शुरू हुई मदर डेयरी, नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है।

 

कंपनी दूध और डेयरी उत्पादों के अलावा धारा ब्रांड के तहत खाद्य तेल तथा सफल ब्रांड के तहत फल, सब्जियां और अन्य खाद्य उत्पादों की बिक्री भी करती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!