दुर्ग इंदिरा मार्केट के स्थित लॉज में देह व्यापार का भंडाफोड़, मिठाई की दुकान पर चल रहा था ये काम
दुर्ग: शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को एसीसीयू (ACCU) एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने पीटा एक्ट के तहत एक लॉज इंदिरा मार्केट स्थित जलाराम लॉज, मिठाई दुकान फरिश्ता काम्प्लेक्स में छापेमारी कर देह व्यापार के मामले का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके पर तीन युवतियां एवं तीन ग्राहक मिले, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम रविवार दोपहर करीब 3 बजे तीन वाहनों से मौके पर पहुंची और परिसर की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की। इस दौरान पुलिस ने मौके से आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्य जब्त किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भवन के निचले हिस्से में मिठाई की दुकान एवं आइसक्रीम पार्लर संचालित हो रहे थे, जबकि ऊपरी हिस्से में बने लॉज का उपयोग कथित रूप से देह व्यापार के लिए किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने परिसर के संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इसके अलावा मौके पर मिली तीन युवतियों एवं तीन ग्राहकों से भी अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गतिविधि का संचालन कब से किया जा रहा था, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसके पीछे किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।
फिलहाल मामले में जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी पुलिस द्वारा साझा की जाएगी।

