लगातार बारिश से शिवनाथ नदी उफान पर, प्रशासन अलर्ट मोड में; लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील
डिजिटल डेस्क | दुर्ग। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण शिवनाथ नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। आमजन की सुरक्षा को देखते हुए जिला सेनानी, नगरसेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं दुर्ग, श्री नागेन्द्र कुमार सिंह ने नदी के जल स्तर का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि महमरा एनीकट पर पानी एनीकट के स्तर से लगभग 4 फीट ऊपर बह रहा है। वहीं गुरुद्वारा के पास स्थित पुराने पुल पर नदी का जलस्तर खतरे के निशान से केवल 5 फीट नीचे पहुंच गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे और आसपास के सभी गांवों में मुनादी कराकर अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही नदी तट पर संचालित ईंट भट्टों के संचालकों को अपने मजदूरों एवं अन्य लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) दुर्ग की रेस्क्यू टीम को नगरसेना कार्यालय परिसर में 24 घंटे अलर्ट मोड पर तैनात रखा गया है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, अनावश्यक रूप से नदी के पास न जाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। बरसात के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

