SBI ग्राहक ध्यान दें!…5 दिन बैंक का कामकाज ठप?…जरूरी काम आज ही निपटा लें
SBI ग्राहकों के लिए जरूरी खबर, 26 से 30 सितंबर तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना
नई दिल्ली। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल का प्रस्ताव रखा है। इससे पहले 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। ऐसे में लगातार पांच दिनों तक बैंक की सामान्य शाखा सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
बैंक ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे नकद निकासी, जमा, चेक और अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य हड़ताल से पहले ही पूरा कर लें, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ATM और डिजिटल बैंकिंग का कर सकते हैं इस्तेमाल
बैंक शाखाएं बंद रहने के दौरान ग्राहक ATM और ADWM के जरिए नकद निकासी जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा ग्राहक सेवा केंद्रों की मदद भी ली जा सकती है।
ग्राहक इंटरनेट बैंकिंग, YONO, मोबाइल बैंकिंग और UPI जैसी डिजिटल सेवाओं के जरिए पैसे ट्रांसफर करने, भुगतान करने और अन्य सामान्य बैंकिंग कार्य कर सकते हैं।
SBI ने कहा है कि हड़ताल के दौरान जरूरी बैंकिंग सेवाएं जारी रखने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा, हालांकि शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग कार्य समय रहते निपटा लें।
26 से 30 सितंबर तक रहेगा असर
SBI की सलाह ऐसे समय आई है, जब हड़ताल से पहले लगातार दो दिन बैंक की छुट्टी रहेगी. 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है. इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल है. इस तरह शनिवार से बुधवार तक लगातार पांच दिनों तक बैंक शाखाओं का सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है. SBI ने ग्राहकों से अपील की है कि वे जरूरी लेनदेन और बैंकिंग काम हड़ताल की तारीखों से पहले ही पूरे कर लें

