CG BREAKING: बस्तर रेंज को मिला नया आईजी, IPS बद्रीनारायण मीणा की नियुक्ति
बस्तर रेंज को मिला नया आईजी, IPS बद्रीनारायण मीणा की नियुक्ति
रायपुर, 25 जून 2026।छत्तीसगढ़ शासन ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी बद्रीनारायण मीणा (बैच 2004) को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया है। इस संबंध में राज्य शासन द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, बद्रीनारायण मीणा अब बस्तर रेंज की कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। इससे पूर्व वे पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ थे।
बद्रीनारायण मीणा छत्तीसगढ़ कैडर के 2004 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वे दुर्ग रेंज के आईजी तथा दुर्ग जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने बिलासपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं।
मूल रूप से राजस्थान के जयपुर जिले के निवासी बद्रीनारायण मीणा ने अपनी प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा जयपुर में प्राप्त की। उन्होंने सनफ्लावर पब्लिक स्कूल से दसवीं तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पोद्दार से बारहवीं की शिक्षा पूरी की। इसके बाद वर्ष 2000 में राजस्थान कॉलेज, जयपुर से स्नातक (बीए) की डिग्री प्राप्त की।
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने वर्ष 2001 में पहली बार परीक्षा दी और वर्ष 2004 में भारतीय पुलिस सेवा के लिए चयनित हुए। उनके भाई श्रवण मीणा भी आईपीएस अधिकारी रहे हैं, जिन्होंने बाद में पुनः यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय राजस्व सेवा (IRS) जॉइन की।
बस्तर रेंज में इससे पहले सुंदरराज पी पुलिस महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने लगभग पांच वर्षों तक बस्तर में अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में उन्हें प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर अब बद्रीनारायण मीणा को बस्तर रेंज की कमान सौंपी गई है।
राज्य शासन को उम्मीद है कि उनके अनुभव एवं नेतृत्व क्षमता का लाभ बस्तर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मिलेगा।

