भिलाई में 24 घंटे में 2 छात्रों ने दी जान, ‘सॉरी मम्मी-पापा’ लिखकर छात्रा ने तोड़ी सांस……
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/भिलाई: दुर्ग जिले के भिलाई क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग मामलों में छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। दोनों ही मामलों में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है तथा आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
प्रकरण 1 – स्कूली छात्रा द्वारा आत्महत्या
पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत अकलोरडीह निवासी 17 वर्षीय छात्रा वीणा ठाकुर, जो कक्षा 11वीं में अध्ययनरत थी, ने अपने निवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, छात्रा शनिवार तड़के लगभग 3 बजे पढ़ाई करने के लिए घर के ऊपरी कमरे में गई थी। सुबह लगभग 6 बजे परिजनों द्वारा दरवाजा खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां छात्रा को दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका हुआ पाया गया।
मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें छात्रा द्वारा अपने माता-पिता एवं परिजनों से माफी मांगते हुए “अब कभी परेशान नहीं करूंगी” लिखा गया है। पुलिस द्वारा सुसाइड नोट एवं परिजनों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है।
प्रकरण 2 – कॉलेज छात्र द्वारा आत्महत्या
स्मृति नगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोहका, आर्यनगर वार्ड क्रमांक-12 निवासी 19 वर्षीय उमेश कुमार साहू, जो रूंगटा कॉलेज में बीसीए (द्वितीय वर्ष) का छात्र था, ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार तड़के की बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, सुबह देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर संदेह होने पर दरवाजा खोला गया, जहां उमेश को पंखे से लटका हुआ पाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम हेतु भेजा गया।
अन्य जानकारी
दोनों ही मामलों में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि विगत 15 दिनों में जिले में छात्रों द्वारा आत्महत्या की यह तीसरी घटना है, जिससे चिंता का माहौल बना हुआ है।

