शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने गया था युवक, बह गया l….… 3 दिन बाद मिला शव

दुर्ग, 22 सितम्बर 2026। जेवरा सिरसा (भटगांव) क्षेत्र स्थित शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने के दौरान डूबे युवक का शव SDRF दुर्ग की टीम ने तीन दिन तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया।

 

जानकारी के अनुसार, 20 सितम्बर 2026 को शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने के दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में डूब गया था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के समन्वय से जिला सेनानी, नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं दुर्ग के निर्देशन में SDRF की प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर रवाना किया गया।

 

SDRF की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मोटर बोट, डीप डाइविंग किट, लाइफ बॉय, लाइफ जैकेट और सर्च हुक की मदद से नदी के गहरे हिस्सों एवं तेज बहाव वाले क्षेत्र में लगातार तलाश शुरू की। जलस्तर और तेज बहाव जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने तीन दिनों तक लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रखा।

 

22 सितम्बर को ऑपरेशन के तीसरे दिन SDRF के कुशल गोताखोरों ने ग्राम डांडेसरा स्थित शिवनाथ नदी क्षेत्र से युवक के शव को बरामद कर सुरक्षित बाहर निकाला।

 

बरामदगी के बाद शव को अग्रिम वैधानिक एवं पंचनामा कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।

 

मृतक की पहचान पवन कुमार ठाकुर, पिता अनिल कुमार ठाकुर, उम्र 25 वर्ष, निवासी घासीदास नगर, वार्ड नंबर 23, जामुल, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।

 

इस रेस्क्यू ऑपरेशन में SDRF दुर्ग संभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच लगातार तीन दिनों तक अभियान चलाकर युवक के शव को बरामद किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!