छत्तीसगढ़ में बदलने वाला है मौसम का मिजाज….बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने का अलर्ट
रायपुर, 22 जून। छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। अनुमान है कि 23 जून के आसपास मानसून छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में प्रवेश कर सकता है, जिससे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
वहीं, मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। इसके चलते कुछ इलाकों में हीट वेव जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, आकाशीय बिजली से बचाव करने तथा तेज हवाओं के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

