रायपुर में ‘नकली सोने’ का बड़ा खेल बेनकाब, 22.50 लाख की ठगी के बाद मुंबई से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर पुलिस ने ‘खुदाई में मिला पुराना सोना’ बताकर पीतल के आभूषण लाखों रुपये में बेचने वाले अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी शंभू राय समेत दो महिलाओं को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर, तेलीबांधा और डीडी नगर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग वारदातों में कुल 22.50 लाख रुपये की ठगी की थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को दिहाड़ी मजदूर या खुदाई का काम करने वाला बताते थे। इसके बाद लोगों को विश्वास में लेकर दावा करते थे कि खुदाई के दौरान उन्हें पुराने सोने के आभूषण और सिक्के मिले हैं।

विश्वास जीतने का था अनोखा तरीका

आरोपी पीड़ितों को भरोसे में लेने के लिए पहले से तैयार रखा गया असली सोने का छोटा टुकड़ा दिखाते थे। वे उस टुकड़े को तोड़कर जांच के लिए देते थे। ज्वेलर्स से असली सोना होने की पुष्टि होने के बाद पीड़ित आरोपियों की बात पर भरोसा कर लेते थे।

इसके बाद आरोपी पूरा हार या आभूषण पुराने खजाने का हिस्सा बताकर बाजार कीमत से काफी कम दाम में बेच देते थे। खरीदारी के बाद जब पीड़ित को पता चलता कि पूरा आभूषण पीतल का है, तब तक आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो चुके होते थे।

स्टोन बेचने के बहाने बनाता था शिकार

पुलिस के अनुसार, गिरोह का मुख्य आरोपी शंभू राय अलग-अलग शहरों में राशि पत्थर (स्टोन) बेचने का काम करता था। इसी दौरान वह आर्थिक रूप से सक्षम लोगों की पहचान कर उन्हें अपने जाल में फंसाता था।

जांच में यह भी पता चला कि गिरोह दिल्ली के करोल बाग से पीतल के हार और अन्य नकली आभूषण खरीदता था। इन्हें पुराना खजाना बताकर लोगों को कम कीमत में बेचने का लालच दिया जाता था।

रायपुर में तीन वारदातों को दिया अंजाम

पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने न्यू राजेंद्र नगर में एक कारोबारी से 2.50 लाख रुपये की ठगी की। तेलीबांधा में एक मोबाइल एक्सेसरीज कारोबारी को 10 लाख रुपये में पीतल का हार बेचकर ठगी की गई। वहीं डीडी नगर में एक युवक को 2 किलो पुराना सोना बताकर पीतल का आभूषण दिया गया और उससे 10 लाख रुपये लिए गए।

मुंबई से गिरफ्तार, 9 लाख रुपये नकद सहित सामान बरामद

तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर रायपुर पुलिस की टीम मुंबई पहुंची। पुलिस ने मुख्य आरोपी शंभू राय के साथ गीता गुजराती और शांति गुजराती को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के कब्जे से 9 लाख रुपये नकद, 12 चांदी के सिक्के, पीतल के कई आभूषण और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मुख्य आरोपी के पास से 4 अलग-अलग फर्जी आधार कार्ड भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

कई राज्यों में ठगी की जानकारी, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पूछताछ में आरोपियों ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में एक दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब संबंधित राज्यों की पुलिस से संपर्क कर आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और पूर्व मामलों की जानकारी जुटा रही है।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!