दुर्ग में टला बड़ा रेल हादसा….कोयला लदी मालगाड़ी में लगी भीषण आग, दमकल ने टाला बड़ा हादसा

दुर्ग। रसमड़ा रेलवे स्टेशन पर रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब स्टेशन पर खड़ी कोयला लदी मालगाड़ी की एक बोगी में अचानक भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, 14 जून 2026 को सुबह लगभग 11:55 बजे रसमड़ा रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी की कोयला बोगी से तेज आग की लपटें उठने लगीं। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन कार्यालय से एक दमकल वाहन और टीम को तत्काल रवाना किया गया।

मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम ने देखा कि कोयला बोगी में आग तेजी से फैल रही है और पास की बोगियों तक पहुंचने का खतरा बना हुआ है। अग्निशमन कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया तथा उसे अन्य डिब्बों तक फैलने से रोक दिया।

 

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

 

इस सफल अभियान में जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में अग्निशमन दल प्रभारी धन्नु यादव तथा कर्मचारी संतोष, निखिल, रमेश, योगेश और हरीश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!