धमधा के विद्यार्थियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान! नींव पुस्तकालय की नई संचालन समिति ने ली शपथ
धमधा, 22 सितंबर 2026। शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए धमधा में जनसहयोग से संचालित नींव पुस्तकालय को और अधिक सशक्त एवं सुविधायुक्त बनाने की दिशा में नई पहल की गई है। सेजेस कन्या धमधा में शनिवार को आयोजित दानदाता मिलन समारोह एवं नई संचालन समिति के शपथ ग्रहण समारोह में पुस्तकालय की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। नई संचालन समिति ने पुस्तकालय के विस्तार, विद्यार्थियों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और अध्ययन के बेहतर वातावरण के निर्माण को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पियूष ताम्रकार ने अध्यक्ष, सामर्थ (साजन) ताम्रकार ने सचिव तथा दीपक सोनी ने उपाध्यक्ष के रूप में शपथ ग्रहण की। नवनियुक्त अध्यक्ष पियूष ताम्रकार ने दानदाताओं एवं उपस्थित नागरिकों के समक्ष आगामी कार्ययोजना रखते हुए पुस्तकालय के विकास के लिए निरंतर सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम की शुरुआत से ही पुस्तकालय की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा और भविष्य की योजनाएं चर्चा के केंद्र में रहीं। संरक्षक डॉ. बी. रघु ने नींव पुस्तकालय की स्थापना की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुस्तकालय को विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप और अधिक उपयोगी बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने आगामी कार्ययोजना दानदाताओं एवं दानवीरों के समक्ष रखी।
विद्यार्थियों ने बताई अपनी जरूरतें
समारोह में पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों मुकेश, तनुजा, थान सिंह एवं ऋतू सोनी ने अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने पुस्तकालय से मिल रहे लाभों के साथ-साथ अध्ययन के दौरान महसूस की जा रही आवश्यकताओं को भी दानदाताओं एवं अतिथियों के सामने रखा। विद्यार्थियों की मांगों और सुझावों ने पुस्तकालय के आगामी विकास की दिशा को भी रेखांकित किया।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने साझा किए विचार
समारोह में उपस्थित गणमान्य नागरिकों, दानदाताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नींव पुस्तकालय की पहल और उसके सामाजिक-शैक्षणिक महत्व पर अपने विचार एवं अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने विद्यार्थियों के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने में सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम में राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष श्री सुधीर गौतम, तहसीलदार धमधा श्री हुलेश्वर नाथ खुटे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे. धीर, सहायक संचालक श्री अमित घोष, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री कैलाश साहू सहित स्थानीय वार्डों के पार्षदगण, दानदाता एवं दानवीर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पुस्तकालय की कार्यकारिणी के सदस्य एवं संरक्षक डी.पी. शर्मा, शैलेन्द्र दानी जी,विमल ताम्रकार, नवीन जैन, बेनीराम वर्मा,विष्णु ताम्रकार चित्रेण पटेल, राजा खान, जे.डी. मानिकपुरी सहित अन्य सदस्य एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन पवन सिंह ने किया। अंत में संचालन समिति के सचिव सामर्थ्य ताम्रकार ने सभी अतिथियों, दानदाताओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ।

