दुर्ग ब्रेकिंग: जीवनसाथी ऐप पर दोस्ती, शादी का वादा और ट्रांसफर का झांसा… विधवा शिक्षिका से 5.90 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जीवनसाथी ऐप के जरिए शादी का भरोसा दिलाकर एक विधवा शिक्षिका से 5.90 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को सिंचाई विभाग का क्लर्क बताकर महिला को दुर्ग से रायपुर ट्रांसफर कराने का झांसा दिया। अधिकारियों तक पहुंच होने का दावा करते हुए उसने ट्रांसफर के लिए 7 लाख रुपए खर्च होने की बात कही। महिला ने भरोसा कर बैंक से 6 लाख रुपए का पर्सनल लोन लिया और आरोपी को 90 हजार रुपए ऑनलाइन तथा 5 लाख रुपए नकद दे दिए। रकम मिलने के बाद आरोपी शादी और ट्रांसफर के नाम पर बहाने बनाने लगा।

 

पीड़िता की शिकायत पर दुर्ग सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन कसेर (34), निवासी सारंगढ़, छत्तीसगढ़ को ओडिशा से गिरफ्तार किया है।

 

जीवनसाथी ऐप पर हुई थी पहचान

 

पुलिस के अनुसार, नयापारा दुर्ग निवासी 36 वर्षीय शिक्षिका के पति का अक्टूबर 2024 में निधन हो गया था। वह शासकीय प्राथमिक शाला नवागांव (पुस्दा), विकासखंड धमधा में पदस्थ हैं। 23 मई 2026 को जीवनसाथी ऐप के माध्यम से उनकी पहचान अर्जुन कसेर से हुई। आरोपी ने खुद को तलाकशुदा और सिंचाई विभाग में क्लर्क बताया। बातचीत के दौरान उसने महिला के सामने शादी का प्रस्ताव रखा।

 

रायपुर ट्रांसफर के नाम पर मांगे 7 लाख

 

आरोपी ने महिला को बताया कि वह इंद्रावती भवन, सेक्टर-19 में पदस्थ है और अधिकारियों से उसकी अच्छी पहचान है। उसने रायपुर ट्रांसफर कराने के लिए 7 लाख रुपए खर्च होने की बात कही। महिला को भरोसा दिलाया कि ट्रांसफर होते ही वह उससे शादी कर लेगा। आरोपी की बातों में आकर महिला ने एसबीआई से 6 लाख रुपए का पर्सनल लोन लिया। इसमें से 90 हजार रुपए फोन-पे के माध्यम से और 5 लाख रुपए नकद आरोपी को दे दिए।

 

रेस्टोरेंट में लिए नकद 5 लाख रुपए

 

30 मई 2026 को आरोपी ने महिला को रायपुर के तेलीबांधा थाना के पास बुलाया और एक रेस्टोरेंट में ले जाकर 5 लाख रुपए नकद ले लिए। इसके बाद अधिकारियों को रकम देने की बात कहकर महिला की एक्टिवा लेकर चला गया। करीब एक घंटे बाद लौटकर उसने अधिकारियों को पैसे देने और जल्द ट्रांसफर होने का दावा किया।

 

दस्तावेज मांगे तो बनाने लगा बहाने

 

कुछ दिनों बाद महिला ने आरोपी से तलाक प्रमाण पत्र और सिंचाई विभाग में नौकरी का ज्वाइनिंग आदेश मांगा। आरोपी ने दस्तावेज पिता के पास होने और पारिवारिक परेशानी का बहाना बनाकर टालना शुरू कर दिया। संदेह होने पर महिला ने अपने 5.90 लाख रुपए वापस मांगे, लेकिन आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।

 

दूसरी महिला से भी नौकरी के नाम पर ठगी का आरोप

 

पुलिस जांच में आरोपी का नाम स्मृति नगर चौकी क्षेत्र के एक अन्य मामले में भी सामने आया है। आरोप है कि उसने एक महिला को कृषि विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.50 लाख रुपए लिए थे।

 

पीड़िता की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 336/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!