बिसलेरी का पानी पीने लायक है भी या नहीं? दो बार फेल हुए सैंपल!…..FSSAI की जांच में चौंकाने वाला खुलासा!

डिजिटल डेस्क: देश की प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर कंपनियों में शामिल बिसलेरी के पानी को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पानी के सैंपल दो बार जांच में निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरने के बाद कंपनी के खिलाफ कोर्ट में अभियोजन चलाने की मंजूरी दी है।

 

जानकारी के मुताबिक, पहली जांच में पानी के सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई थी। कंपनी की ओर से इस जांच पर आपत्ति जताए जाने के बाद दोबारा परीक्षण कराया गया। दूसरी जांच में भी पानी को असुरक्षित बताया गया। इस दौरान पानी में PAHs (पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स) नामक ऐसे तत्व पाए जाने की बात सामने आई, जिनमें कुछ कैंसरकारी माने जाते हैं।

 

इस मामले की एक अहम बात यह है कि पानी के सैंपल बाजार से नहीं, बल्कि बिसलेरी के कंपनी परिसर से ही लिए गए थे। बताया जा रहा है कि मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित कंपनी के प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है।

 

बिसलेरी ने कार्रवाई पर क्या कहा?

 

FSSAI की कार्रवाई के बाद बिसलेरी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि मामला सितंबर 2025 में गोवा प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से संबंधित है। कंपनी के अनुसार, छह सैंपल में से केवल एक में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से मामूली अधिक दर्ज की गई थी।

 

कंपनी ने दावा किया है कि बाद में कराए गए स्वतंत्र परीक्षणों में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित मानकों के भीतर पाया गया। बिसलेरी का यह भी कहना है कि उसे FSSAI की ओर से अब तक कोई औपचारिक नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है।

 

कंपनी ने नियामक संस्था के साथ सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताते हुए अपने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर को उपभोग के लिए सुरक्षित बताया है।

 

फिलहाल, इस मामले में FSSAI की कार्रवाई और कंपनी की सफाई के बीच पानी की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और आधिकारिक जांच के निष्कर्ष महत्वपूर्ण होंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!