दुर्ग में विकास की बड़ी-बड़ी बातें, लेकिन पटेल चौक की घड़ी महीनों से 7:10 पर अटकी! आखिर कब चलेगी विकास की घड़ी?
डिजिटल डेस्क: दुर्ग। शहर के विकास को लेकर महापौर, विधायक, मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार बड़ी-बड़ी घोषणाएं की जा रही हैं। कहीं निर्माण कार्यों का निरीक्षण हो रहा है तो कहीं शहर को आधुनिक और सुंदर बनाने के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन इन तमाम दावों के बीच शहर के पटेल चौक पर लगी घड़ी शायद विकास की इन घोषणाओं से अनजान है। पिछले कई महीनों से यह घड़ी 7 बजकर 10 मिनट पर अटकी हुई है।
हैरानी की बात यह है कि इसी चौक और रास्ते से होकर शहर के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विभागीय कर्मचारी प्रतिदिन अपने कार्यालय आते-जाते हैं। शहर के विकास की योजनाओं पर नजर रखने वाले जिम्मेदारों की नजर आखिर इस बंद पड़ी घड़ी पर क्यों नहीं पड़ रही है?
पटेल चौक को आकर्षक बनाने के लिए सजावट और सौंदर्यीकरण तो किया गया, लेकिन वहां लगी घड़ी को चालू करवाने की सुध किसी ने नहीं ली। सवाल यह है कि जब एक सार्वजनिक चौक पर लगी घड़ी को चालू करवाने में महीनों लग रहे हैं, तो शहर की छोटी-छोटी बुनियादी समस्याओं के समाधान की रफ्तार कैसी होगी?
आखिर इस घड़ी को चालू करवाने के लिए क्या किसी सरकारी आदेश की जरूरत है? क्या इसके लिए टेंडर जारी करना पड़ेगा? या फिर घड़ी में बैटरी लगवाने के लिए भी किसी विशेष बजट और फाइल की मंजूरी का इंतजार है?
शहरवासी भी यह जानना चाहते हैं कि पटेल चौक की इस घड़ी को ठीक करवाने की जिम्मेदारी आखिर किस विभाग की है और अब तक इस दिशा में कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
एक तरफ दुर्ग को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने की बातें हो रही हैं, दूसरी तरफ शहर के बीचोंबीच लगी घड़ी महीनों से एक ही समय बता रही है।
अब सवाल सिर्फ घड़ी का नहीं, जिम्मेदारी और जवाबदेही का भी है। आखिर दुर्ग में विकास की घड़ी कब चलेगी?

