Chhattisgarh Breaking News: शराबियों के लिए बड़ा अपडेट! खत्म हो रही कांच बोतल वाली दारू…पुराना स्टॉक खत्म, अब दुकानों में सिर्फ प्लास्टिक बोतल वाली देसी दारू मिलेगी

रायपुर में प्लास्टिक बोतल में देशी शराब की सप्लाई शुरू, जल्द खत्म होगा कांच बोतल का स्टॉक

डिजिटल डेस्क | रायपुर। आबकारी विभाग के नए नियम के तहत अब देशी और चीप रेंज की शराब कांच की बजाय प्लास्टिक बोतलों में उपलब्ध कराई जा रही है। यह व्यवस्था 1 अप्रैल से लागू हो चुकी है, हालांकि अब तक अनुबंधित कंपनियों में से केवल दो कंपनियों ने ही प्लास्टिक बोतलों में सप्लाई शुरू की है।

सोमवार को रायपुर जिले में ‘शोले’ और ‘शेरा’ ब्रांड की देशी शराब की पहली खेप पहुंच चुकी है। इसके साथ ही उन शराब दुकानों में आपूर्ति शुरू कर दी गई है, जहां पुराना स्टॉक समाप्त हो चुका है या समाप्ति के कगार पर है।

आबकारी विभाग के अनुसार, कांच बोतलों में उपलब्ध पुरानी देशी शराब का स्टॉक अब केवल एक-दो दिन का ही शेष है। स्टॉक खत्म होते ही सभी दुकानों में देशी और चीप रेंज की शराब केवल प्लास्टिक बोतलों में ही उपलब्ध होगी।

जिला आबकारी अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि प्रदेश में प्लास्टिक बोतलों में शराब की सप्लाई शुरू हो चुकी है। शुरुआती चरण में दो कंपनियों द्वारा पहली खेप भेजी गई है और आवश्यकता के अनुसार दुकानों में वितरण किया जा रहा है। जैसे-जैसे नई सप्लाई आएगी, दुकानों में भंडारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, रायपुर जिले में प्रतिदिन लगभग 6 हजार पेटी चीप रेंज और 3 हजार पेटी देशी शराब की खपत होती है। ऐसे में कांच बोतलों का पुराना स्टॉक तेजी से समाप्त हो रहा है। यदि समय पर प्लास्टिक बोतलों की आपूर्ति नहीं बढ़ाई गई, तो कुछ दुकानों में कमी की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।

पहली खेप में जिले के लिए 2400 पेटी पौवा शराब की सप्लाई की गई है, जिसमें ‘शेरा देशी मसाला’ और ‘शोले प्लेन’ ब्रांड शामिल हैं। विभाग द्वारा इन ब्रांड्स की दुकानों में आपूर्ति शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!