Chhattisgarh Vedanta Power Plant: छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा! पावर प्लांट में धमाका, लाशों और घायलों से मचा हड़कंप

डिजिटल डेस्क | दुर्ग/सक्ती: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा सामने आया, जहां सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कई मजदूरों की मौत हुई है, जबकि दर्जनों श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने चार मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, घायलों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान कुछ और मजदूरों की मौत होने की सूचना है। हादसे में 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे बताए जा रहे हैं।

घटना डभरा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, प्लांट में नियमित कार्य के दौरान दोपहर करीब 2 बजे अचानक बॉयलर में विस्फोट हो गया। प्रारंभिक जांच में ट्यूब फटने को हादसे का कारण बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल 11 मजदूरों को खरसिया के पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।

हादसे के बाद प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजनों में आक्रोश देखा गया। वे अपने परिजनों से मिलने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन द्वारा हादसे की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!