वैशाली नगर में अनोखी योजना: कर्मकांडी ब्राह्मणों को परिवार सहित मुफ्त AC रेल यात्रा…..विधायक से मिलेगा मुफ्त AC रेल टिकट का तोहफा!

वैशाली नगर विधानसभा के कर्मकांडी ब्राह्मणों, पुरोहितों एवं मंदिरों में सेवा देने वाले पुजारियों के लिए विशेष सम्मान योजना

 

कर्मकांडी ब्राह्मणों और उनके परिवारों को साल में दो बार विधायक देंगे मुफ्त एसी रेल यात्रा की सुविधा

 

 

भिलाई नगर, 21 नवंबर। जनसेवा को नवाचार से जोड़ते हुए वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन लगातार ऐसी योजनाएं संचालित कर रहे हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच सके। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के अतिरिक्त विधायक की स्वयं की पहल से विधानसभा क्षेत्र में अब तक लगभग 23-24 जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में विधायक रिकेश सेन ने कर्मकांडी ब्राह्मणों, पुरोहितों और मंदिर के पुजारियों तथा उनके परिवारों के लिए एक और अनूठी योजना शुरू करने की घोषणा की है।

 

 

इस योजना के तहत वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में निवासरत ऐसे ब्राह्मण, जो पिछले कम से कम तीन वर्षों से मंदिरों एवं विभिन्न यजमानों के यहां पूजा-पाठ और कर्मकांड का कार्य कर रहे हैं, उन्हें और उनके परिवार को वर्ष में दो बार भारतवर्ष में कहीं भी यात्रा करने के लिए एसी रेल टिकट निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के लिए 23 नवंबर से विधायक कार्यालय में पंजीयन प्रारंभ होगा। 21 नवंबर की रात 8 बजे विधायक रिकेश ने इस योजना की घोषणा की है। इच्छुक पात्र कर्मकांडी ब्राह्मण विधायक कार्यालय, जीरो रोड, श्वेतांबर जैन मंदिर के सामने, शांतिनगर भिलाई में अपना पंजीयन करा सकेंगे।

 

 

विधायक रिकेश सेन ने कहा कि कर्मकांडी ब्राह्मण सनातन परंपराओं, धार्मिक संस्कारों और सामाजिक आयोजनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पूजा-पाठ और कर्मकांड के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले इन परिवारों को सम्मान और सुविधा देना इस पहल का उद्देश्य है।

 

 

*जनसेवा की 24 योजनाओं से हजारों परिवारों को लाभ*

 

 

गौरतलब है कि विधायक रिकेश सेन की पहल पर वैशाली नगर विधानसभा में फ्री ब्लड टेस्ट, मात्र एक रुपये में डायलिसिस, सोनोग्राफी, एक्स-रे, पावर वाला चश्मा, मोतियाबिंद ऑपरेशन, सैनिटरी नैपकिन, हेलमेट बैंक, कंबल बैंक और निःशुल्क फिल्टर्ड पेयजल जैसी सुविधाएं संचालित हैं। वहीं जरूरतमंद वर-वधुओं के लिए शाही परिधान तथा क्षेत्र की बेटियों के विवाह में निःशुल्क ब्राइडल मेकअप और मेहंदी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

 

 

दूसरों के घरों में काम कर परिवार चलाने वाली महिलाओं के लिए शुरू की गई शक्ति योजना के तहत लगभग 22 हजार महिलाओं ने विधायक कार्यालय में पंजीयन कराया है। वहीं 14 से 29 वर्ष के युवाओं के लिए संचालित युवा भारत योजना के अंतर्गत 16 प्रकार के लाभ पंजीकृत लगभग 5800 युवाओं को दिए जाने हैं।

 

 

विधायक रिकेश सेन की इन पहलों का मूल उद्देश्य सरकारी योजनाओं के साथ-साथ व्यक्तिगत स्तर पर नवाचार और जनसहयोग के माध्यम से स्वास्थ्य, सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सहयोग की सुविधाएं प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाना है। कर्मकांडी ब्राह्मणों के लिए शुरू की जा रही यह नई योजना भी इसी जनसेवा की सोच की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!