Gold-Silver Price Crash: 20 दिन में सोना ₹2,755 और चांदी ₹12,256 सस्ती
नई दिल्ली। बीते 20 दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। इंडियन बुलियंस एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 6 जुलाई से 24 जुलाई 2026 के बीच सोने के साथ-साथ चांदी के दाम में भी कमी आई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 6 जुलाई 2026 को 24 कैरेट सोने का भाव 1,45,512 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो 24 जुलाई 2026 को घटकर 1,42,757 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इस अवधि में सोने की कीमत में 2,755 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई।
वहीं चांदी की कीमत में भी बड़ी कमी देखने को मिली है। 6 जुलाई को एक किलोग्राम चांदी का भाव 2,31,812 रुपये था, जो 24 जुलाई तक घटकर 2,19,556 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। इस दौरान चांदी 12,256 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हुई।
24 जुलाई को जारी दरों के अनुसार 23 कैरेट सोने का भाव 1,42,185 रुपये, 22 कैरेट का 1,30,765 रुपये, 18 कैरेट का 1,07,068 रुपये तथा 14 कैरेट सोने का भाव 83,513 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। इंडियन बुलियंस एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन शनिवार और रविवार को सोने-चांदी के नए भाव जारी नहीं करता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, डॉलर इंडेक्स में मजबूती, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका के चलते सोने और चांदी की मांग प्रभावित हुई है। निवेशकों का रुझान फिलहाल सोने की बजाय डॉलर आधारित निवेश की ओर बढ़ने से भी कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।
हालांकि, बाजार विशेषज्ञ निवेशकों को सलाह देते हैं कि सोने या चांदी में निवेश करने से पहले बाजार की स्थिति का आकलन करें और वित्तीय विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।

