दुर्ग ब्रेकिंग: मेडिकल जांच के बहाने नाबालिग से अश्लील हरकत? डॉक्टर गिरफ्तार, एडॉप्शन सेंटर भी जांच के घेरे में
दुर्ग। दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्र से कथित अश्लील हरकत के मामले में पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 24 जुलाई की दोपहर की है। 10वीं कक्षा का एक छात्र अपने मित्र का मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के लिए बोरसी स्थित एक एडॉप्शन सेंटर पहुंचा था। आरोप है कि जांच के दौरान सेंटर संचालक एवं चिकित्सक डॉ. सुधीर हिसीकर (61) ने छात्र के साथ अश्लील हरकत की। घटना के बाद छात्र ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पद्मनाभपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी डॉ. सुधीर हिसीकर सेवा भारती मातृ छाया एडॉप्शन सेंटर का संचालन भी करता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केवल आपराधिक घटना ही नहीं, बल्कि एडॉप्शन सेंटर की कार्यप्रणाली की भी जांच की जाएगी। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर अभिजीत सिंह ने महिला एवं बाल विकास विभाग को एडॉप्शन सेंटर की जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही सेंटर का पंजीयन निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए भी कहा गया है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

