दुर्ग ब्रेकिंग: पूर्व भारतीय क्रिकेटर राजेश चौहान पर 17.52 लाख की ठगी का आरोप! कोर्ट ने FIR दर्ज करने के दिए आदेश

दुर्ग।छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पूर्व भारतीय क्रिकेटर राजेश चौहान के खिलाफ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि उन्होंने जिंदल इस्पात लिमिटेड में ट्रांसपोर्ट का काम दिलाने का झांसा देकर एक ठेकेदार से 17.52 लाख रुपये ले लिए। मामले में न्यायालय ने मोहन नगर थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिए हैं।

 

पीड़ित दिनकर विश्वमित्र के अनुसार, उनकी पहचान एक परिचित के माध्यम से राजेश चौहान से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को उद्योगपति नवीन जिंदल का करीबी बताते हुए जिंदल इस्पात में ट्रांसपोर्ट का बड़ा ठेका मिलने का दावा किया। भरोसा दिलाने के लिए कथित वर्क ऑर्डर और अन्य दस्तावेज भी दिखाए गए तथा ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में साझेदार बनने का प्रस्ताव दिया गया।

 

शिकायत के मुताबिक, 30 जुलाई 2021 को दोनों पक्षों के बीच इकरारनामा हुआ, जिसके बाद पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में कुल 17.52 लाख रुपये आरोपी की कंपनी के खाते में जमा करा दिए। हालांकि लंबे समय तक कोई काम शुरू नहीं हुआ।

 

बाद में जब पीड़ित स्वयं ओडिशा स्थित जिंदल इस्पात लिमिटेड पहुंचा तो कंपनी अधिकारियों से जानकारी मिली कि राजेश चौहान अथवा उनकी कंपनी को ऐसा कोई ट्रांसपोर्ट ठेका कभी जारी नहीं किया गया। इसके बाद पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे दिखाए गए दस्तावेज फर्जी थे और उसके साथ धोखाधड़ी की गई।

 

पीड़ित ने मोहन नगर थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय का रुख किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMFC) ने प्रस्तुत दस्तावेजों और बैंक लेन-देन का परीक्षण करने के बाद प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध मानते हुए मोहन नगर थाना प्रभारी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच करने तथा अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

 

उल्लेखनीय है कि राजेश चौहान भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑफ स्पिन गेंदबाज रह चुके हैं। उन्होंने वर्ष 1993 से 1998 के बीच भारत का प्रतिनिधित्व किया था और वर्तमान में व्यवसाय तथा क्रिकेट अकादमी का संचालन करते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!