मौसम अपडेट – भीषण गर्मी के बीच कई राज्यों में हीटवेव, जल्द मिलेगी राहत, बारिश का अलर्ट जारी

डिजिटल डेस्क | देश के उत्तर और मध्य भारत में इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, बिहार सहित कई राज्यों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन दिनों तक उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं और कई राज्यों में बारिश से राहत मिलने की संभावना है।

आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, इस सप्ताह उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ व्यापक वर्षा की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार:

  • 27 से 29 अप्रैल के बीच मध्य भारत में मौसम बदलेगा।
  • 28 अप्रैल से 1 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश की संभावना है।
  • 28 से 30 अप्रैल के दौरान दक्षिण भारत में भी गरज-चमक के साथ वर्षा होगी।

उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में 25 से 28 अप्रैल के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश व बर्फबारी की संभावना है, जबकि 28 से 30 अप्रैल के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में वर्षा हो सकती है।

मैदानी क्षेत्रों में 27 से 30 अप्रैल के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तथा 27 से 29 अप्रैल के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि भीषण गर्मी के दौरान सावधानी बरतें और मौसम में संभावित बदलाव को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!