दुर्ग के स्कूल में मचा हड़कंप….नींद की गोलियां खाने से 5 बच्चे अस्पताल पहुंचे

दुर्ग।शहर के पंचशील नगर स्थित चंद्रशेखर आजाद स्कूल में शनिवार को एक चिंताजनक घटना सामने आई। स्कूल में कुछ छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। सभी प्रभावित बच्चों को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक छात्र अपने साथ नींद की गोलियां स्कूल लेकर आया था। बताया जा रहा है कि इन्हीं गोलियों का सेवन करने के बाद पांच छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल बच्चों के परिजनों को सूचना दी और सभी को अस्पताल भेजा।

 

डॉक्टरों की निगरानी में सभी बच्चों का उपचार जारी है। फिलहाल उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र नींद की गोलियां स्कूल तक कैसे लेकर पहुंचा और अन्य बच्चों ने उनका सेवन किन परिस्थितियों में किया। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

 

पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदारियों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल स्कूल प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!