दुर्ग के सरकारी स्कूल में परीक्षा के बीच बड़ा हादसा! 50 बच्चे दे रहे थे पेपर, अचानक सिर के ऊपर गिरा छत का प्लास्टर, 3 छात्र घायल

दुर्ग। जिले के रसमड़ा क्षेत्र के ग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाईस्कूल में मंगलवार को त्रैमासिक परीक्षा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कक्षा में परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों के ऊपर अचानक छत का प्लास्टर गिर गया। हादसे में तीन छात्र-छात्राएं घायल हो गए, जबकि कक्षा 10वीं की छात्रा द्रौपदी ठाकुर के सिर में गंभीर चोट आई है। छात्रा के सिर पर तीन टांके लगाए गए हैं और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया है।

 

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय स्कूल में करीब 50 छात्र-छात्राएं कक्षा 10वीं की संस्कृत विषय की परीक्षा दे रहे थे। इसी दौरान अचानक छत का प्लास्टर टूटकर बच्चों के ऊपर गिर गया। घटना से कक्षा में अफरा-तफरी मच गई और विद्यार्थी डर गए। कुछ समय के लिए परीक्षा भी प्रभावित हुई।

 

हादसे के तुरंत बाद स्कूल प्रबंधन ने घायल बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। छात्रा द्रौपदी का इलाज जारी है, जबकि अन्य दो बच्चों को मामूली चोटें आने की जानकारी मिली है। घटना की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

 

### जिला शिक्षा अधिकारी ने भेजा जांच दल

 

घटना की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच दल को स्कूल भेजा है। टीम स्कूल भवन की स्थिति और छत का प्लास्टर गिरने के कारणों की जांच करेगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि भवन पहले से जर्जर था या मरम्मत और सुरक्षा को लेकर कोई शिकायत की गई थी।

 

जांच के बाद ही हादसे के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना ने स्कूल भवनों की सुरक्षा और विद्यार्थियों की जान-माल की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!