BIG BREAKING:दुर्ग में CISF जवान के साथ लिव-इन में रह रही युवती की संदिग्ध मौत, परिवार ने जताया संदेह

डिजिटल डेस्क | छत्तीसगढ़ के दुर्ग में CISF जवान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 26 वर्षीय युवती की मौत का मामला सामने आया है। युवती महाराष्ट्र के कल्याण की रहने वाली थी और पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकली थी। लेकिन उसकी मौत के बाद परिजनों को पता चला कि वह दिल्ली में नहीं, बल्कि दुर्ग के शंकर नगर में CISF जवान के साथ रह रही थी।

 

मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है। 27 सितंबर को शंकर नगर की गली नंबर-10 स्थित किराए के मकान में अंजलि घोड़ेस्वर का शव मिला था। वह CISF जवान करण सिंह के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। करण की पोस्टिंग भिलाई में है और वह मूल रूप से पंजाब का रहने वाला है।

 

परिजनों के मुताबिक, अंजलि और करण की दोस्ती करीब दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन परिवार को करण के बारे में केवल इतना पता था कि वह अंजलि का दोस्त है। करीब 15 दिन पहले ही दोनों दुर्ग के शंकर नगर में किराए के मकान में रहने आए थे।

 

दिल्ली की कोचिंग की तस्वीरें भेजकर परिवार को दिया भरोसा

 

अंजलि 8 सितंबर को पुलिस की नौकरी की तैयारी के लिए दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकली थी। वह परिवार को कोचिंग क्लास, क्लासरूम और पढ़ाई से जुड़ी तस्वीरें भी भेजती थी। इससे परिजनों को भरोसा था कि वह दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है।

 

हालांकि, उसकी मौत के बाद परिवार को पता चला कि वह दुर्ग में करण के साथ रह रही थी।

 

करण के मुताबिक, अंजलि ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। उसने शव को फंदे से उतारकर अपनी गोद में रख लिया था। इसके बाद करण ने खुद अंजलि के परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। उसने परिवार को यह भी बताया कि दोनों जल्द शादी करने वाले थे।

 

सूचना मिलने के बाद परिजन दुर्ग पहुंचे। फिलहाल शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, जिसके बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।

 

परिवार के पास अंजलि और करण के बीच ऑनलाइन लेन-देन के स्क्रीनशॉट होने की बात सामने आई है। रिश्तेदारों के मुताबिक, अंजलि ने अलग-अलग तारीखों में करण के खाते में 5 हजार, 2 हजार और 1500 रुपए सहित कई रकम भेजी थी।

 

परिवार का दावा है कि सभी लेन-देन मिलाकर यह रकम करीब 25 से 30 हजार रुपए तक पहुंचती है। हालांकि, पैसे भेजने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

 

अंजलि की मौत को लेकर परिजनों ने संदेह जताया है। उनका कहना है कि पुलिस से मिली तस्वीरों में शरीर की स्थिति, एक कान की बाली गायब होना और कपड़ों की स्थिति देखकर उन्हें मामला सामान्य आत्महत्या जैसा नहीं लग रहा है।

 

परिवार ने करण के चेहरे पर चोट या सूजन होने की बात भी कही है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

परिजनों का कहना है कि अंजलि की मौत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।

 

### पिता की तबीयत खराब, घर की जिम्मेदारी संभालती थी अंजलि

 

परिजनों के मुताबिक, अंजलि सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी और पिता की स्वास्थ्य स्थिति के कारण घर की जिम्मेदारियों में भी अहम भूमिका निभाती थी। परिवार को उम्मीद थी कि वह दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करेगी, लेकिन उसकी मौत के बाद सामने आई जानकारी ने परिजनों को हैरान कर दिया।

 

एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि युवती के फांसी लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। दोनों युवक-युवती दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं और साथ में रह रहे थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 

फिलहाल पुलिस घटनास्थल की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है। मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!