रायपुर के बाजार में बिक रही थी पाकिस्तान की प्रतिबंधित गोरी क्रीम, ड्रग विभाग का छापा; दुकान में मिला खतरनाक प्रोडक्ट..
रायपुर। राजधानी के गोल बाजार में पाकिस्तान में निर्मित प्रतिबंधित गोरी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आया है। इसकी सूचना मिलने पर ड्रग डिपार्टमेंट की टीम ने गोल बाजार की कॉस्मेटिक दुकानों में छापेमारी कर जांच शुरू की। इस दौरान ओम ब्यूटी शॉप में जांच के दौरान प्रतिबंधित पाकिस्तानी क्रीम मिली, जबकि तमन्ना कॉस्मेटिक शॉप में जांच जारी रही।
जानकारी के मुताबिक, केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तानी उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद यह क्रीम बाजार में 300 से 550 रुपए तक में बेची जा रही थी। दुकानदार ग्राहकों को चेहरे का रंग गोरा करने का दावा कर क्रीम बेच रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एक दिन पहले ग्राहक बनकर की गई पड़ताल में एक दुकानदार ने क्रीम की ऑनलाइन कीमत 800 रुपए बताई और उसे 300 रुपए में देने की पेशकश की। वहीं, एक थोक विक्रेता ने 300 से 500 पीस का ऑर्डर देने पर सप्लाई और रेट की बात करने की जानकारी दी।
किडनी और नर्वस सिस्टम के लिए खतरनाक
इस क्रीम में मरकरी यानी पारा की मात्रा खतरनाक स्तर तक होने की चेतावनी दी गई है। इसके इस्तेमाल से किडनी और नर्वस सिस्टम को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। महाराष्ट्र के नागपुर में भी ऐसी क्रीम का इस्तेमाल करने वाली करीब 18 महिलाओं में किडनी संबंधी परेशानियां सामने आई थीं। जांच में क्रीम में पारे की मात्रा निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक पाई गई थी।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटा विभाग
ड्रग डिपार्टमेंट की टीम अब इस बात की जांच कर रही है कि आयात पर प्रतिबंध के बावजूद पाकिस्तानी क्रीम रायपुर तक कैसे पहुंची। इसके सप्लाई नेटवर्क, थोक विक्रेताओं और दुकानों तक पहुंचने के माध्यमों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

