CG Vedanta Plant Blast: सक्ती वेदांता पावर प्लांट हादसा: मृतकों की संख्या 20 पहुंची, घायलों का इलाज जारी, जांच के आदेश
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। हादसे में 4 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 14 ने रायगढ़ के विभिन्न अस्पतालों में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, रायपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 2 और श्रमिकों की मौत हो गई।
मृतकों में 5 श्रमिक छत्तीसगढ़ के निवासी हैं, जबकि अन्य उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से संबंधित बताए जा रहे हैं।
इस हादसे में कुल 36 श्रमिक झुलसे हैं, जिनमें से 16 घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
मंगलवार दोपहर हुए इस हादसे के बाद प्लांट के बाहर परिजनों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए हंगामा किया और प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई तथा उचित मुआवजे की मांग की।
जिला कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं।
वेदांता प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपये की सहायता राशि और एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 15-15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से भी मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दिए जाने की घोषणा की गई है।
प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

