दुर्ग में ठगी का बड़ा खेल! जरूरतमंद लोगों को पैसे का लालच देकर उनके नाम पर वाहन और सामान कराते थे फाइनेंस, फिर बेचकर आपस में बांट लेते थे रकम, 2 आरोपी गिरफ्तार
जरूरतमंदों को आर्थिक लाभ का झांसा देकर उनके नाम पर वाहन व सामग्री फाइनेंस करा के धोखाधड़ी करने वाले 02 आरोपी गिरफ्तार, 10 लाख रुपये की 09 नग मसरूका बरामद
▪️ धोखाधड़ी के प्रकरण में चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने त्वरित विवेचना करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण में 09 नग मसरूका बरामद किया।
▪️ आरोपियों द्वारा जरूरतमंद लोगों को आर्थिक लाभ का लालच देकर उनके नाम पर वाहन एवं अन्य सामग्री फाइनेंस कराई जाती थी।
▪️ फाइनेंस के समय डाउन पेमेंट स्वयं करने तथा आगामी EMI भरने का आश्वासन देकर आरोपियों द्वारा पीड़ितों का विश्वास हासिल किया जाता था।
▪️ फाइनेंस कराए गए वाहन एवं अन्य सामग्री को आरोपियों द्वारा कम कीमत पर अन्य व्यक्तियों को बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट ली जाती थी।
▪️ पुलिस द्वारा 08 नग वाहन एवं 01 नग वॉशिंग मशीन, कुल 09 नग मसरूका कीमत लगभग 10 लाख रुपये बरामद की गई है।
▪️प्रकरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों से पूछताछ तथा शेष मसरूका की पतासाजी एवं बरामदगी की कार्रवाई विवेचना के दौरान जारी है।
दिनांक 21.09.2026 को प्राप्त शिकायत की जांच में धोखाधड़ी के तथ्य पाए जाने पर चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1408/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस द्वारा आरोपियों की पतासाजी कर उनकी निशानदेही पर लगभग 10 लाख रुपये कीमत की 09 नग मसरूका बरामद की गई।
प्रार्थी मनीष डहेरवाल, उम्र 32 वर्ष, निवासी भिलाई नगर, जिला दुर्ग द्वारा दिनांक 21.09.2026 को चौकी स्मृतिनगर में शिकायत प्रस्तुत की गई कि आरोपियों द्वारा छल-कपट एवं धोखाधड़ी करते हुए प्रार्थी एवं उसके परिचितों के नाम पर वाहन एवं अन्य सामग्री फाइनेंस कराकर आर्थिक एवं संपत्ति संबंधी नुकसान पहुंचाया गया है। शिकायत एवं जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
आरोपियों द्वारा जरूरतमंद लोगों को आर्थिक लाभ एवं सहायता का लालच देकर उनके नाम पर वाहन एवं अन्य सामग्री फाइनेंस कराई जाती थी। फाइनेंस के समय डाउन पेमेंट स्वयं करने तथा EMI भरने का आश्वासन दिया जाता था। इसके बाद फाइनेंस कराई गई सामग्री को कम कीमत पर अन्य व्यक्तियों को बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट ली जाती थी।
घटना स्थल
प्रकरण में फाइनेंस कराए गए वाहन एवं अन्य सामग्री से संबंधित धोखाधड़ी की घटना चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला क्षेत्र से संबंधित है।
आरोपी का नाम
1. जसमीत सिंह उर्फ प्रिंस, उम्र 28 वर्ष, निवासी मकान नं. 25, कैलाश नगर, जामुल, भिलाई, जिला दुर्ग।
2. भोजराज राय उर्फ भोजू, उम्र 26 वर्ष, निवासी सतनाम भवन, मंगल बाजार के पास, कोहका, भिलाई, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री
1. 08 नग वाहन।
2. 01 नग वॉशिंग मशीन।
कुल 09 नग मसरूका, कीमत लगभग 10 लाख रुपये।
सराहनीय कार्य
उक्त कार्यवाही में चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रकरण की त्वरित विवेचना, आरोपियों की पतासाजी तथा मसरूका की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर अपने नाम से वाहन, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री अथवा अन्य वस्तु फाइनेंस कराने से पूर्व उसके वास्तविक उद्देश्य एवं भुगतान संबंधी दायित्वों की पूरी जानकारी प्राप्त करें। अपने दस्तावेजों एवं वित्तीय जानकारी का उपयोग किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर न करें तथा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

