दुर्ग में जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, दोस्तों के साथ ढाबा जा रहे ठेकेदार समेत 3 युवकों की हादसे में मौत
राजनांदगांव। दुर्ग निवासी इलेक्ट्रिकल एवं सिविल गवर्नमेंट कॉन्ट्रैक्टर अभिषेक सिंह ठाकुर अपने जन्मदिन की रात दोस्तों के साथ ढाबे में खाना खाने निकले थे। भिलाई से राजनांदगांव की ओर जाते समय सोमनी नाले के पास उनकी कार पुलिया से टकरा गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक, अभिषेक सिंह ठाकुर छत्तीसगढ़ शासन के लिए इलेक्ट्रिकल एवं सिविल कार्यों के ठेकेदार के रूप में काम करते थे। 3 अक्टूबर को उनका जन्मदिन था। उन्होंने दिन में परिवार के साथ जन्मदिन मनाया था। इसके बाद रात में वे दोस्तों के साथ ढाबे में खाना खाने के लिए कार से निकले थे।
बताया गया कि पांचों दोस्त पहले एक ढाबे पर पहुंचे, लेकिन वहां खाना नहीं मिलने पर आगे बढ़ गए। इसी दौरान कुछ दोस्त दूसरे ढाबे पर रुक गए, जबकि अभिषेक कार लेकर आगे निकल गए। बाद में कार को वापस मोड़कर लौटते समय सोमनी नाले के सामने हादसा हो गया।
हादसे में अभिषेक सिंह ठाकुर (30) और तोषण तिवारी (29) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रशांत दास (27) को मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी भी मौत हो गई। घायल सूरज पांडे और चिंटू का अस्पताल में इलाज जारी है।
मृतकों की जानकारी
1. अभिषेक सिंह ठाकुर (30) — ठेकेदार
2. तोषण तिवारी (29)
3. प्रशांत दास (27)
प्रारंभिक जांच में कार की रफ्तार तेज होने की बात सामने आई है। कार पुलिया से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के पास सड़क का मार्ग संकरा होने की भी जानकारी मिली है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
परिजनों के मुताबिक, अभिषेक सिंह ठाकुर की दो छोटी बेटियां हैं। जन्मदिन के दिन परिवार के साथ खुशियां मनाने के बाद रात में हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
सत्य प्रकाश तिवारी, सीएसपी राजनांदगांव ने बताया कि मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

