भिलाई के सेक्टर-6 में छात्रा से छेड़छाड़, मदद के लिए चीखती रही नाबालिग; खंडहर और झाड़ियों के बीच छात्रा को घेरा, चीख सुनकर पहुंचे युवकों ने बचाया; 4 घंटे में पकड़े गए आरोपी…..
भिलाई। भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-6 में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।
घटना बुधवार सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच की बताई जा रही है। छात्रा ट्यूशन जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान सेक्टर-6 क्षेत्र में खंडहरनुमा इमारतों और झाड़ियों के बीच दो युवकों ने उसे अकेला देखकर रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने छात्रा के साथ जबरदस्ती और छेड़छाड़ की।
घटना के दौरान छात्रा ने मदद के लिए आवाज लगाई। सुनसान इलाका होने के कारण तत्काल कोई मदद के लिए नहीं पहुंच सका। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे युवकों की नजर छात्रा पर पड़ी। उन्होंने हस्तक्षेप करते हुए आरोपियों को रोका और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को सुरक्षित किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने संभावित रास्तों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश करते हुए घटना के करीब चार घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में एक बालिग और एक नाबालिग है। बालिग आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग आरोपी को बाल न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

